माँ अंगारमोती प्रांगण में हवन-पूजन संपन्न, श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब
धमतरी। माता अंगारमोती प्रांगण में रविवार को हवन-पूजन का भव्य आयोजन हुआ। इस अवसर पर प्रदेश के जनप्रतिनिधि भी माँ के दरबार में पहुंचे और सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान धमतरी विधायक ओमकार साहू, सिहावा विधायक अंबिका मरकाम तथा कुरुद से नीलम तारणी चंद्राकर ने माता अंगारमोती के चरणों में श्रृंगार सामग्री अर्पित की। जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की खुशहाली, विकास और नागरिकों के मंगलमय जीवन की कामना करते हुए हवन में आहुति डाली।
हवन-पूजन संपन्न होने के बाद अंगारमोती ट्रस्ट की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और माता के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
अंगारमोती ट्रस्ट के अध्यक्ष जीवराखन लाल मराई ने बताया कि संपूर्ण आयोजन सुनियोजित ढंग से संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं के लिए बैठने, दर्शन करने तथा भोजन प्रसादी की उचित व्यवस्था ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा की गई थी।
धार्मिक आस्था और भक्ति के माहौल से सराबोर इस आयोजन में ग्रामीण अंचल से लेकर शहर तक के श्रद्धालु माता के चरणों में नतमस्तक हुए और परिवार की सुख-शांति की कामना की।