सांकरा में नंदी जी की प्रतिमा हटाए जाने से ग्रामीणों में मिश्रित प्रतिक्रिया, धार्मिक आस्था और अतिक्रमण विवाद बना चर्चा का विषयधमतरी

सांकरा में नंदी जी की प्रतिमा हटाए जाने से ग्रामीणों में मिश्रित प्रतिक्रिया, धार्मिक आस्था और अतिक्रमण विवाद बना चर्चा का विषय
धमतरी 
 नगरी ब्लॉक के ग्राम सांकरा में आज एक अनोखा मामला सामने आया, जहां नंदी चौक के पास स्थापित नंदी जी की प्रतिमा को हटा दिया गया। यह प्रतिमा समाजसेवी हितेश्वर सिन्हा के स्वर्गीय पिता एवं पूर्व जनपद सदस्य महेश सिन्हा द्वारा वर्षों पूर्व सांकरा-मैनपुर मुख्य मार्ग के किनारे स्थापित की गई थी।
जानकारी के अनुसार, प्रतिमा के सामने बार-बार अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं। समाजसेवी हितेश्वर सिन्हा द्वारा कई बार स्थानीय लोगों को समझाइश दी गई कि नंदी जी की मूर्ति के सामने किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें, किंतु इसके बावजूद बार-बार वहां दुकानें और ठेले लगाए जा रहे थे।
हितेश्वर सिन्हा ने बताया कि नंदी जी की प्रतिमा के ठीक सामने अतिक्रमण के कारण मूर्ति पूरी तरह ढक जाती थी, जिससे उन्हें धार्मिक अपमान का अनुभव होता था। इसी कारण उन्होंने आज क्रेन की सहायता से प्रतिमा को हटवाया। उनका कहना है कि नंदी जी की मूर्ति को अब किसी उपयुक्त और सम्मानजनक स्थान पर पुनः स्थापित किया जाएगा, जहां श्रद्धालु बिना अवरोध के दर्शन कर सकें।

ग्रामीणों के अनुसार, सांकरा गांव “मानस ग्राम” के नाम से जाना जाता है और यहां धार्मिक माहौल हमेशा सौहार्दपूर्ण रहा है। ऐसे में इस प्रकार का विवाद गांव की धार्मिक छवि को धूमिल करता है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। प्रशासनिक स्तर पर फिलहाल इस मामले में कोई औपचारिक हस्तक्षेप की सूचना नहीं है।