भाजपा बेलरगांव मंडल अध्यक्ष मनोहर माणिकपुरी पद से मुक्त,
धमतरी (गंगा प्रकाश)
भारतीय जनता पार्टी जिला धमतरी ने बड़ा संगठनात्मक निर्णय लेते हुए विधानसभा सिहावा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भाजपा बेलरगांव मंडल अध्यक्ष मनोहर माणिकपुरी को उनके पद से तत्काल प्रभाव से मुक्त कर दिया है।
जिला भाजपा कार्यालय, धमतरी से जारी आदेश में कहा गया है कि माणिकपुरी के विरुद्ध यह आरोप पाए गए हैं कि उनके आचरण एवं कृत्य से भारतीय जनता पार्टी की छवि धूमिल हो रही थी, जो पार्टी की अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है।
आदेश में उल्लेख किया गया है कि यह कार्रवाई प्रदेश अध्यक्ष माननीय किरण सिंह देव और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय के निर्देशानुसार की गई है। उनके निर्देशों का पालन करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस ने मनोहर माणिकपुरी को भाजपा बेलरगांव मंडल अध्यक्ष के पद से मुक्त करने का आदेश जारी किया है।
आदेश में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
इस आदेश की प्रतिलिपि प्रदेश अध्यक्ष, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री और प्रदेश संगठन महामंत्री को भी प्रेषित की गई है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, संगठन में अनुशासन और कार्यसंस्कृति बनाए रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है ताकि पार्टी की मर्यादा और छवि पर किसी भी प्रकार का आंच न आए।
भाजपा जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस ने कहा कि “पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है। संगठन की मर्यादा के विपरीत किसी भी प्रकार का आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
इस कार्रवाई के बाद बेलरगांव मंडल में नए अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर चर्चा तेज हो गई है। संगठन स्तर पर जल्द ही नए अध्यक्ष की घोषणा की संभावना जताई जा रही है।